शिमला,
हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HAS) एवं संबद्ध सेवाओं के 2026 बैच के 27 प्रशिक्षु अधिकारियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। सभी अधिकारी डॉ. मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान, शिमला में फाउंडेशन कोर्स का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि एचएएस एवं संबद्ध सेवाओं के अधिकारियों की राज्य सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अधिकारियों से पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता, समर्पण और सेवा भाव के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और सुशासन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को लोगों की समस्याओं और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करना चाहिए तथा जनता के विश्वास और अपेक्षाओं पर खरा उतरना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा अधिकारी प्रदेश का भविष्य हैं और राज्य के संसाधनों के संरक्षक भी। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाएं।
उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समावेशी विकास और सामाजिक कल्याण के लक्ष्य को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव के.के. पंत, डॉ. मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान की निदेशक डॉ. रूपाली ठाकुर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।