शिमला,
हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय तृतीय श्रेणी कर्मचारी संघ के चुनावों में अर्की निवासी दीपक ठाकुर ने अध्यक्ष पद पर भारी बहुमत से जीत दर्ज की है। कुल 85 मतों में से दीपक ठाकुर को 69 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सुरिंदर कुमार को मात्र 16 मतों से संतोष करना पड़ा।
चुनाव में 12 डाक मत और शेष मत मतदान केंद्र पर डाले गए। उल्लेखनीय रूप से डाक मतों के सभी 12 मत तथा मतदान केंद्र के 57 मत दीपक ठाकुर के पक्ष में पड़े, जिससे उनकी जीत बेहद मजबूत और स्पष्ट रही।
इस जीत के साथ ही करीब 20 वर्ष बाद इतिहास दोहराया गया, क्योंकि इससे पूर्व दीपक ठाकुर के स्वर्गीय पिता भी इसी संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में कैडर बाइफरकेशन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे का सफल समाधान हुआ था, जिसे आज भी कर्मचारियों के हित में एक बड़ा निर्णय माना जाता है।
जीत के बाद दीपक ठाकुर ने कहा कि यह विजय केवल किसी पद की नहीं, बल्कि कर्मचारी एकता, विश्वास और उम्मीद की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे तृतीय श्रेणी कर्मचारियों से जुड़े सभी मुद्दों को प्रशासन के समक्ष पूरी मजबूती और गंभीरता से उठाएंगे।
चुनाव परिणामों के अनुसार संघ के कई पदों पर पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए। इनमें
- उपाध्यक्ष: हर्षित शर्मा
- महासचिव: पवन कंठवाल
- वित्त सचिव-सह-कोषाध्यक्ष: राज कुमार
- संयुक्त सचिव: शशि पाल
- सलाहकार: मीना
- वरिष्ठ सदस्य: रक्षा
- कार्यकारिणी सदस्य: शेफाली शर्मा, रिंकू कश्यप और चमन राज
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक ठाकुर ने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया तथा अपने प्रतिद्वंदी सुरिंदर कुमार का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि वे निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ हर कर्मचारी को साथ लेकर संघ को एक सशक्त और प्रभावी मंच के रूप में आगे बढ़ाएंगे।