जसूर में STF का बड़ा एक्शन, 223 ग्राम चिट्टा बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार

Himachal News

नूरपुर/कांगड़ा,

हिमाचल प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कांगड़ा जिले के जसूर में 223 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस विभाग के प्रवक्ता के अनुसार एसटीएफ की टीम चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत जसूर क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान शास्त्री औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के समीप चिट्टा तस्करी की विश्वसनीय सूचना मिली। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली, जिनके कब्जे से 223 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। विभाग ने प्रदेशवासियों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशीले पदार्थों की तस्करी या बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत 112 हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

प्रदेश में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू द्वारा शुरू किए गए ‘एंटी-चिट्टा अभियान’ के तहत पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अभियान भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगा।