शिमला में नाबालिग चोर गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार

Himachal News

शिमला,

जिला पुलिस शिमला ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 20 मार्च 2026 की देर रात सुन्नी थाना क्षेत्र में की गई।

डीजल और बैटरियां चोरी का मामला

जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण कंपनी BPM के साइट इंचार्ज टेकचंद ने पुलिस को सूचना दी कि अज्ञात व्यक्तियों ने निर्माण कार्य में लगी मशीनों से डीजल और बैटरियां चोरी कर ली हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तुरंत कार्रवाई शुरू की।

दो पिकअप गाड़ियां बरामद

पुलिस ने मौके से दो पिकअप गाड़ियां (HP30-5790 और HP06B-5527) भी बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल चोरी में किया जा रहा था।

ढांक में कूदे आरोपी, पुलिस ने बचाया

कार्रवाई के दौरान तीन नाबालिग आरोपी पकड़े जाने के डर से ढांक में उतर गए, लेकिन पुलिस ने जोखिम उठाते हुए रस्सियों की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया। चौथे आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना सुन्नी में अभियोग संख्या 11/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(1) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की सख्त चेतावनी

जिला पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।