न्यूजीलैंड के प्रतिनिधिमंडल ने CM सुक्खू से की मुलाकात, हिमाचल की सेब बागवानी में तकनीकी सहयोग पर चर्चा

Himachal News

शिमला,

हिमाचल प्रदेश में सेब उत्पादन और बागवानी को आधुनिक तकनीक से मजबूत करने को लेकर हिमाचल सरकार और न्यूजीलैंड के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त पैट्रिक राटा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से शिमला में मुलाकात की।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सेब उत्पादन प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में बागवानी क्षेत्र में नई तकनीक, नवाचार और आधुनिक तौर-तरीकों को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

हिमाचल और न्यूजीलैंड के बागवानों के बीच एक्सपोजर विजिट पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में सेब की उत्पादकता और बागवानी की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए किसानों और बागवानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश और न्यूजीलैंड के किसानों एवं बागवानों के लिए एक्सपोजर विजिट आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

इन दौरों के माध्यम से दोनों क्षेत्रों के बागवान एक-दूसरे की तकनीकों, उत्पादन पद्धतियों और बागवानी से जुड़े आधुनिक अनुभवों को समझ सकेंगे।

प्राकृतिक खेती को लेकर भी हुआ विचार-विमर्श

बैठक में प्राकृतिक खेती से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और कृषि-बागवानी क्षेत्र में टिकाऊ तकनीकों के इस्तेमाल को लेकर राज्य सरकार की प्राथमिकताओं से प्रतिनिधिमंडल को अवगत करवाया।

सेब बागवानी के लिए तकनीकी सहयोग देगा न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उनका देश हिमाचल प्रदेश में सेब की बागवानी को प्रोत्साहित करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध करवाने के लिए इच्छुक है। प्रतिनिधिमंडल ने बागवानी क्षेत्र में संभावित सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर मुख्यमंत्री के साथ चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश में न्यूजीलैंड की ओर से प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की योजना के बारे में भी मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। इस केंद्र के माध्यम से बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञता को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, मुख्य सचिव के.के. पंत, न्यूजीलैंड के विशेष कृषि व्यापार दूत नाथन गाइ, उच्चायोग के काउंसलर प्राथमिक उद्योग जेम्स वॉ, कृषि साझेदारी प्रबंधक प्रियम अरोड़ा, डेनियल और लैकलन सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिमाचल की सेब अर्थव्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और किसानों-बागवानों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञता उपलब्ध करवाने की दिशा में इस बैठक को महत्वपूर्ण चर्चा के तौर पर देखा जा रहा है।