रोहड़ू/शिमला। हिमाचल प्रदेश में चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत रोहड़ू में एंटी-चिट्टा रैली का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोहड़ू से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं विद्यार्थियों के साथ रैली में शामिल होकर इसका नेतृत्व किया।
मुख्यमंत्री के रैली में शामिल होने के दौरान विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जोरदार नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। रोहड़ू बाजार में ‘नशा छोड़ो, जिंदगी से नाता जोड़ो’ जैसे नारों की गूंज सुनाई दी। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी ने कार्यक्रम को जनजागरूकता अभियान का स्वरूप दिया।
नशे के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का दावा
रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के लिए हिमाचल प्रदेश में कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को केवल सरकारी स्तर तक सीमित नहीं रखा जा सकता। समाज के हर वर्ग को इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। परिवार, शिक्षण संस्थान, युवा और आम नागरिक मिलकर नशे के खिलाफ मजबूत वातावरण तैयार कर सकते हैं।
युवाओं को जागरूक करने पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में एंटी-चिट्टा रैलियों और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को चिट्टा समेत अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवा स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक कर सकते हैं।
विद्यार्थियों को दिलाई एंटी-चिट्टा शपथ
रैली से पहले मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को एंटी-चिट्टा शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान विद्यार्थियों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई और उन्हें नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, नशा निवारण बोर्ड के सह-संयोजक संजय भारद्वाज, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।