शिमला जिला पुलिस ने रोहड़ू के बडियारा (जांगला) में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मामले में फरार दो संदिग्ध आरोपियों की तस्वीरें जारी की हैं। पुलिस के अनुसार ये दोनों संदिग्ध नेपाली मूल के मजदूर हैं और सेती राम कामी उर्फ राकेश प्रताप की हत्या के मामले में वांछित हैं।
इस संबंध में 18 फरवरी 2026 को पुलिस थाना चिरगांव में एफआईआर दर्ज की गई थी। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी 17 फरवरी की रात से फरार हैं।
आरोपियों का हुलिया
पुलिस के मुताबिक दोनों का कद छोटा और रंग सांवला है। एक आरोपी के बाल लंबे हैं और उसने भूरे रंग की हुडी पहन रखी है।
पुलिस ने जनता से मांगी मदद
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने आम जनता से अपील की है कि यदि ये संदिग्ध कहीं दिखाई दें या इनके बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत थाना प्रभारी चिरगांव के मोबाइल नंबर 88947-28027 पर सूचना दें।
पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। मामले में आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।