राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया अटल टनल का दौरा, हिडिंबा मंदिर में की पूजा-अर्चना

Himachal News

मनाली,

हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मनाली स्थित अटल टनल का दौरा किया। समुद्र तल से 10,000 फीट से अधिक ऊंचाई पर बनी 9.02 किलोमीटर लंबी इस सुरंग के निरीक्षण के दौरान राष्ट्रपति ने इसके निर्माण, तकनीकी विशेषताओं और इंजीनियरिंग से जुड़ी जानकारी में रुचि दिखाई।

राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता और लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी मौजूद रहीं। राष्ट्रपति ने टनल के आसपास के हिमालयी क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का भी अवलोकन किया।

तकनीकी पहलुओं की ली जानकारी

अटल टनल के दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अधिकारियों से सुरंग के निर्माण और इसकी तकनीकी विशेषताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने इस महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने में रुचि दिखाई।

टनल के उत्तरी पोर्टल पर स्थानीय लोगों ने राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने राष्ट्रपति को स्मृति चिन्ह भेंट किया।

राज्यपाल ने बताया इंजीनियरिंग का महत्वपूर्ण उदाहरण

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने अटल टनल को विश्वस्तरीय इंजीनियरिंग का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस सुरंग के निर्माण से लाहौल-स्पीति क्षेत्र की देश के अन्य हिस्सों से कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है।

राज्यपाल ने कहा कि अटल टनल आधुनिक बुनियादी ढांचे और सामरिक महत्व वाली परियोजनाओं का उदाहरण है। चुनौतीपूर्ण हिमालयी भौगोलिक परिस्थितियों में इस तरह की बड़ी परियोजना का निर्माण देश की तकनीकी क्षमता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि ऐसी अधोसंरचना परियोजनाओं का महत्व केवल परिवहन और संपर्क तक सीमित नहीं है, बल्कि इनके माध्यम से दूरदराज क्षेत्रों में विकास और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग भी खुलता है।

हिडिंबा मंदिर में राष्ट्रपति ने की पूजा-अर्चना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने हिमाचल प्रवास के दौरान हिडिंबा मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। इस दौरान राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता उनके साथ मौजूद रहे।

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी उनकी अगवानी की। दौरे में सांसद कंगना रनौत सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।