सड़क चौड़ीकरण, सुरक्षा दीवार और 500 मीटर पक्की नाली बनने से ग्रामीणों की आवाजाही हुई सुगम
हमीरपुर,
ग्राम पंचायत बघेल-2 के ग्रामीणों ने नेट से बागीतू जाने वाली सड़क की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का आभार व्यक्त किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क संकरी होने और पानी की उचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्कूल बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही के दौरान कई बार जाम की स्थिति बनती थी, वहीं दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी।
ग्रामीणों की मांग पर हुआ सड़क सुधार
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दिनों आयोजित एक बैठक में उन्होंने सड़क की समस्या से डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा को अवगत करवाया था। डॉ. वर्मा ने इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिसके बाद सड़क के आवश्यक हिस्सों को चौड़ा करने का कार्य किया गया।
इसके साथ ही सड़क किनारे सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाया गया तथा बारिश के पानी की निकासी के लिए लगभग 500 मीटर लंबी पक्की नाली बनाई गई। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पहले की तुलना में सुगम होने की बात ग्रामीणों ने कही।
हैंडपंप के विद्युतीकरण के लिए भी जताया आभार
इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं ने मंदिर के पास स्थित हैंडपंप का विद्युतीकरण करवाकर उसमें मोटर लगवाने के लिए भी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का आभार व्यक्त किया।
पंचायत प्रधान तृप्ता देवी, उपप्रधान कैप्टन रंजीत और पूर्व जिला परिषद उम्मीदवार सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री और डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का धन्यवाद किया।
ग्रामीण महिलाओं की समस्याएं भी सुनीं
डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने इस दौरान ग्रामीण महिलाओं की अन्य समस्याएं भी सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की ताकत उसके गांव हैं और मुख्यमंत्री की सोच है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध हों तथा विकास का लाभ गांव-गांव तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती और राजीव गांधी स्वरोजगार योजना जैसी पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।