कोलकाता में मुख्यमंत्री सुक्खू का हमला, तृणमूल और भाजपा दोनों पर साधा निशाना

Himachal News

कोलकाता में CM सुक्खू का बड़ा बयान, तृणमूल पर भ्रष्टाचार तो भाजपा पर भेदभाव के आरोप

कोलकाता,

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तृणमूल सरकार के कार्यकाल में पश्चिम बंगाल विकास के मामले में पिछड़ गया है और राज्य की जनता को भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ा है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में एक “सिंडिकेट सिस्टम” काम कर रहा है, जिससे आम जनता को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि केवल नारों से विकास नहीं होता, बल्कि सरकार की जिम्मेदारी होती है कि वह प्रदेश को सही दिशा में आगे बढ़ाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो सभी धर्मों और जातियों का सम्मान करती है और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पश्चिम बंगाल में कांग्रेस की सरकार बनना जरूरी है। उन्होंने बताया कि करीब 20 साल बाद कांग्रेस ने राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल के साथ भेदभाव किया है और कोई नया प्रोजेक्ट नहीं दिया। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में चल रहे अधिकांश प्रोजेक्ट कांग्रेस सरकार के समय शुरू किए गए थे।

उन्होंने मनरेगा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की सोच का परिणाम था, लेकिन केंद्र सरकार ने इसकी मूल भावना को खत्म कर दिया है।

महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं के अधिकारों की पक्षधर रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा पंचायती राज में महिलाओं को आरक्षण देने के फैसले को ऐतिहासिक बताया।

हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार अपनी गारंटियों को पूरा कर रही है और आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार ने अंतिम समय में आर्थिक स्थिति को नुकसान पहुंचाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र द्वारा आरडीजी बंद किए जाने के बावजूद हिमाचल सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *